21/09/2024

यशराज फ़िल्म्स के 50 साल पूरे, आदित्य चोपड़ा ने जारी किया नया लोगो

1 min read

पचास साल पहले एक छोटे से कमरे से शुरू हुआ यशराज फ़िल्म्स (Yashraj Films) ने आज 27 सितंबर 2020 रविवार को 50 साल पूरे किये। कंपनी के मौजूदा प्रबंध निदेशक और मशहूर निर्देशक आदित्य चोपड़ा (Aditya Chopra) ने इस मौके पर एक नए लोगो का अनावरण किया। यशराज फ़िल्म्स का नया लोगो वाईआरएफ की भव्य और दिव्य यात्रा को दर्शाता है। यह देश का पहला और इकलौता एकीकृत स्टूडियो है जिसके पास हिंदी सिनेमा की तमाम कालजयी फ़िल्मों की थाली है। कंपनी ने पिछले 50 साल में जिन बड़े से बड़े सुपरस्टारों के साथ काम किया है, उनकी झलक इस लोगो में दिखती है। इस लोगो का संदेश ये भी है कि यशराज फ़िल्म्स ने भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों के जरिए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। आदित्य चोपड़ा ने इस विशेष लोगो को जारी करने के लिए अपने पिता स्वर्गीय यश चोपड़ा (Yash Chopra) की 88वीं जयंती का दिन चुना। इस 50 साल जश्न की जोरदार और तेज शुरूआत करते हुए आदित्य ने एक बहुत ही मार्मिक पत्र भी यशराज फ़िल्म्स में काम करने वालों और यशराज फ़िल्म्स की फ़िल्में देखने वालों के लिए जारी किया। इस लोगो में कंपनी ने यश राज फ़िल्म्स के 50 साल के फ़िल्मी सफर को संजोया है, जिसमें अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan), राजेश खन्ना (Rajesh Khanna), शाहरुख ख़ान (Shahrukh Khan), सलमान ख़ान (Salman Khan) जैसे सुपरस्टार और ‘चांदनी’, ‘सिलसिला’, ‘दिल तो पागल है’, चक दे इंडिया, ‘वॉर’ जैसी फ़िल्मों के साथ साथ ‘टाइगर’ और ‘धूम’ जैसी सीरीज भी शामिल रही हैं।

नये लोगो के टीजर से दिखाया 50 साल सफ़र

आदित्य चोपड़ा ने 27 सितंबर को अपने दिवंगत पिता और फ़िल्मकार यश चोपड़ा की 88वीं जयंती पर लोगो का अनावरण किया। उन्होंने इस खास मौके पर एक नोट भी लिखा है। यश राज फ़िल्म्स के कारोबार संबंधी मामलों की देखरेख करने वाले और कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अक्षय विधानी ने कहा कि यह विशेष लोगो वाईआरएफ के इतिहास से पुरानी बातों, यादगार लम्हों और इसके सिनेमाई सफर को समेटे हुए हैं और साथ ही इसमें इसकी ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों के माध्यम से भारतीय सिनेमा उद्योग में वाईआरएफ और दर्शकों के योगदान की भी झलक है, जिसने देश और देशवासियों के लिए पॉप कल्चर की रचना की है। 37 सेकेंड के इस टीजर में यशराज की बेहतरीन फ़िल्मों की झलक दिखाई गई है। रिलीज हुए इस टीजर में सिलसिला से लेकर, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, वॉर, धूम सीरीज, मर्दानी और चक दे इंडिया जैसी फ़िल्मों की झलक दिख रही है। वीडियो को शेयर करते हुए यशराज फ़िल्म्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम पर कैप्शन दिया गया है, ‘5 दशक से आपका दिल जीतते हुए… और अभी तो हमने शुरुआत की है। अपनी सीट बुक कर लीजिए क्योंकि हम आपको अगले 50 सालों तक और एंटरटेन करने का वादा कर चुके हैं।’

आज यश चोपड़ा का जन्मदिवस भी होता है। इसी दिन यश राज फ़िल्म्स की सालगिरह भी मनाई जाती है। यश चोपड़ा ने अपने बैनर के तले दाग, कभी कभी, सिलसिला, चांदनी से लेकर दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे जैसी कई शानदार फ़िल्में दी है। जबकि नए दौर की फ़िल्मों की बात करें तो इस लिस्ट में धूम सीरिज, वॉर, सुल्तान और एक था टाइगर जैसी कई ब्लॉकबस्टर फ़िल्में शामिल होती है।

यशराज फ़िल्म्स का सफ़र

यशराज फ़िल्म्स की स्थापना सन 1971 में की गई। यशराज बैनर की पहली फ़िल्म थी दाग, जिसमें राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फ़िल्म के लिए यश चोपड़ा को बेस्ट डायरेक्टर का फ़िल्मफ़ेयर अवार्ड भी मिला था। आगे चलकर कभी कभी (Kabhi Kabhi), सिलसिला (Silsila), विजय (Vijay), मशाल (Mashaal), नूरी (Noori) जैसी फ़िल्मों का निर्माण और निर्देशन यश चोपड़ा ने किया। फ़िल्म चांदनी (Chandni) के रिलीज के बाद यश चोपड़ा ने रोमांटिक फ़िल्मों का एक नया पहलू दिखाया। यश चोपड़ा की फ़िल्मों में नायक और नायिका को रोमांस को दिखाने का तरीक़ा लोगों को काफी पसंद आने लगा। चाहे वो चांदनी की चांदनी का किरदार हो, या फिर डर (Darr) के राहुल के चेहरे पर अपने प्यार को पाने के लिए बेचैनी, या फिर राज और सिमरन का रोमांस हो या फिर कॉलेज में पढ़ने वाले करण, समीर और विकी की लव स्टोरी या फ़िल्म हिंदुस्तान से वीर और पाकिस्तान की ज़ारा की प्रेम कहानी (Veer-Zaara), इन सारे किरदारों को यश चोपड़ा ने ही गढ़ा था।

आगे चलकर धूम (Dhoom) और टाइगर (Tiger) जैसी सीरीज फ़िल्मों को बनाकर यशराज फ़िल्म्स ने एक बार फिर से एक्शन जॉनर में अपना हाथ आजमाया, ये फ़िल्में भी सफल हुईं। यश चोपड़ा का निधन 21 अक्टूबर 2012 को हो गया। इसके बाद भी आदित्य चोपड़ा ने यशराज फ़िल्म्स की कमान संभाल ली। आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में दम लगा के हईशा (Dum Laka ke Haisha) और सुई धागा (Sui Dhaga) जैसी फ़िल्मों का निर्माण हुआ, जिसमें आम इंसान की जिंदगी से जुड़ी समस्याओं को दिखाया गया। यशराज फ़िल्म्स अपनी 50वीं सालगिरह काफी भव्य तरीके से मनाने वाला था, पर कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण ये कार्यक्रम स्थगित हो गया। आने वाले दिनों में अक्षय कुमार की पृथ्वीराज (Prithviraj), शाहरुख ख़ान (Sharukh Khan) और जॉन अब्राहम की पठान (Pathan), सलमान ख़ान (Salman Khan) की टाइगर 3 और अजय देवगन (Ajay Devgn) की सुपरहीरो फ़िल्म रिलीज होने वाली हैं।

 

 

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole