21/09/2024

योगी सरकार ने फ़िल्म सिटी के लिए दी 1000 एकड़ ज़मीन

1 min read

अभी कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी उत्तर प्रदेश में बनाने की बात कही थी। इस प्रोजेक्ट पर अब काम भी शुरू हो चुका है। योगी सरकार ने इस फ़िल्म सिटी के लिए 1000 एकड़ की ज़मीन उपलब्ध कराई है। यमुना एक्सप्रेस वे के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण वीर सिंह ने अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं ओद्योगिक विभाग को पत्र लिखकर फिल्म सिटी के उपलब्ध भूमि की जानकारी दी। इस पत्र में फिल्म सिटी के लिए यमुना एक्सप्रेस वे ओद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर – 21 में ओद्योगिक भूखंडों के लिए 780 एकड़ और व्यावसायिक भूखंड के लिए 220 एकड़ यानि कुल 1000 एकड़ भूमि उपलब्ध है।

मधुर भंडारकर ने सीएम योगी से मुलाकात कर बधाई दी

फ़िल्मकार मधुर भंडारकर (Madhur Bhandarkar) ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों ने गौतमबुद्ध नगर जिले में देश के ‘सबसे बड़े और सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी’ के बनाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री की घोषणा पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माता को भेंट स्वरूप एक सिक्का दिया, जिसमें भगवान राम की तस्वीर उकेरी गई थी और इसके साथ ही रामचरितमानस की एक प्रति, तुलसी के बीजों की एक माला व एक भव्य कुंभ कॉफी टेबल भी दी, जिसे पिछले साल प्रयागराज में आयोजित किया गया था। सरकार की तरफ से एक प्रवक्ता के मुताबिक, भंडारकर ने मुख्यमंत्री को फिल्म सिटी की योजना के लिए बधाई दी और फिल्म बिरादरी से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

फ़िल्म सिटी की मांग एवं समर्थन

अभी कुछ दिन पहले ही गीतकार मनोज मुंतशिर ने हिंदी प्रदेश में फ़िल्म सिटी बनाए जाने की जोरदार मांग उठाई थी। मनोज ने कहा कि तमिल फिल्म इंडस्ट्री चेन्नई में, मलयाली फिल्म इंडस्ट्री केरल में, बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री कोलकाता में है, फिर न हिंदी फिल्म इंडस्ट्री गैर- हिंदी भाषी राज्य महाराष्ट्र में क्यों है? मनोज मुंतशिर ने हिंदी भाषी राज्यों में फिल्म सिटी न होने पर दुख जताते हुए सरकारों से इस ओर ध्यान देने की मांग की थी। उनके बाद कलाकार मालिनी अवस्थी ने भी इस मुद्दे को आगे बढ़ाया था और सीएम योगी से इस ओर कदम बढ़ाने की अपील की थी। जिसके बाद सीएम योगी ने इस संबंध में शीघ्र ही एक बैठक में उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने की घोषणा कर दी।

फ़िल्म सिटी बनाने के इस कदम को फिल्म अभिनेत्री कंगना रानौत (Kangana Ranaut) के साथ लोकगायिका मालिनी अवस्थी (Malini Awashi, गीतकार मनोज मुंतशिर (Manoj Muntshir) और भजन गायक अनूप जलोटा (Anoop Jalota) ने सराहा है। फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री योगी की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणाओं की मैं सराहना करती हूं। कंगना ने लिखा है कि लोगों की धारणा है कि भारत में सर्वश्रेष्ठ फिल्म उद्योग हिंदी फिल्म इंडस्ट्री है। यह ग़लत है। तेलुगु फिल्म उद्योग ने खुद को शीर्ष स्थान पर पहुंचा दिया है। अब वो पूरे भारत में कई भाषाओं में फिल्मों को पहुंचा रहे हैं। कई हिंदी फिल्मों की शूटिंग हैदराबाद के रामोजी में की गई है। हमें फिल्म उद्योग में कई सुधारों की आवश्यकता है। सबसे पहले हमें एक बड़े फिल्म उद्योग की आवश्यकता है, जिसे भारतीय फिल्म उद्योग कहा जाता है। हम कई कारणों से विभाजित हैं, हॉलीवुड फिल्मों को इसका लाभ मिलता है। एक इंडस्ट्री, लेकिन कई फिल्म सिटी।”

लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल पर ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि, ” एक सप्ताह पहले इसकी योजना बननी प्रारंभ हुई थी और आदरणीय मुख्यमंत्री ने इस दिशा में रुचि दिखाई। फिर इस बाबत मेरी फिल्म निर्माता-निर्देशक सुभाष घई, अभिनेता विवेक ओबेराय तथा गीतकार मनोज मुंतशिर से चर्चा हुई, आज इसकी औपचारिक घोषणा होते देखना सुखद है।”

गीतकार एवं पटकथा लेखक मनोज मुंतशिर ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि, ” उत्तर प्रदेश और सभी हिंदी भाषी राज्यों के कलाकारों के लिए यह शुभ सूचना है। उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमारी बात सुनी। अब आपकी भाषा के सिनेमा आपके प्रदेश में निर्मित होंगे। यह आपके संघर्ष के एक कठिन अध्याय का अंत और उत्तर प्रदेश में एक नए इतिहास का आरम्भ है। बधाई।”

भजन गायक अनूप जलोटा ने वीडियो जारी उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि, “उत्तर प्रदेश के लोगों के कारण फिल्मी जगत चमक रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री को बहुत-बहुत बधाई।”

फ़िल्म ‘तुम बिन’ (Tum Bin) के निर्देशक अनुभव सिन्हा (Anubhav Sinha) ने अपने ट्वीट में लिखा, “उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण का औद्योगिकरण करने का यह बेहतरीन विचार है। खासकर क्षेत्रीय उद्योग को सभी समर्थन और बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है।” ख़बरों के मुताबिक यूपी में बनने वाली इस फिल्म सिटी का अपना एक पुलिस स्टेशन भी होगा। इसके साथ ही डिपार्टमेंट में पुलिस की एक अलग विंग भी तैयार की जाएगी, जो फिल्म निर्माण और इसकी सुरक्षा का ध्यान रखेगी।

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole