21/09/2024

‘राम तेरी गंगा मैली’ के अभिनेता राजीव कपूर का हार्ट अटैक से निधन

1 min read

बॉलीवुड के शौमैन राज कपूर (Raj Kapoor) के बेटे और बॉलीवुड अभिनेता राजीव कपूर (Rajeev Kapoor) का दिल का दौरा पड़ने से 9 फरवरी, 2021 मंगलवार को 58 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने चेंबूर के इलेक्स अस्पताल में अंतिम सांसें ली। उन्हें थोड़ी देर पहले दिल का दौरा पड़ा और जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता, उनका निधन हो गया। उनके बड़े भाई रणधीर कपूर (Randhir Kapoor) आखिरी समय उनके साथ मौजूद रहे। हॉस्पिटल से बाहर निकलते समय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर नजर आया, जिसमें रणधीर कपूर दूसरों का सहारा लेकर चलते दिख रहे हैं। चेहरे पर मास्क लगा है, लेकिन उनकी उदासी साफ दिख रही है। रणधीर कपूर ने भाई की मृत्यु को कन्फर्म करते हुए कहा, ‘मैंने अपने सबसे छोटे भाई राजीव को खो दिया। डॉक्टर ने पूरी कोशिश की पर वह उसे बचा नहीं पाए।’

फिल्मी कैरियर

राज कपूर के तीसरे बेटे राजीव कपूर अभिनेता, निर्माता-निर्देशक थे। उन्होंने 1983 में ‘एक जान हैं हम’ (Ek Jaan Hain Hum) से डेब्यू किया था। वहीं 1985 में अपने पिता राज कपूर के डायरेक्शन में बनी ‘राम तेरी गंगा मैली’ (Ram Teri Ganga Maili) फिल्म में लीड रोल निभाया था। इसके बाद फिल्म आसमान (1984), जबरदस्त (1985), हम तो चले परदेस (1988) और लवर बॉय (1985) में भी उन्होंने काम किया था। किंतु वे अपने अन्य भाईयों की तरह ज्यादा प्रसिद्धि हासिल नहीं कर पाए। उन्होंने अपने 10 साल के फिल्मी करियर में 13 फिल्मों में काम किया। लेकिन उन सभी फिल्मों में से केवल एक ही फिल्म हिट रही। ‘जिम्मेदार’ राजीव की आखिरी फिल्म थी जिसमें उन्होंने अभिनय किया, इसके बाद वह निर्माता-निर्देशक बन गए। इसी कारण की वजह से एक्टिंग के बाद राजीव कपूर ने अपनी किस्मत आजमाने के लिए फिल्म माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) और अक्षय खन्ना (Akshaye Khanna) स्टारर ‘आ अब लौट चलें’ (Aa Ab Laut Chalen) से बतौर निर्माता डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने प्रेमग्रंथ (1996) और हीना (1991) जैसी फिल्मों को भी प्रोड्यूस किया। इतना ही नहीं उन्होंने फिल्म प्रेमग्रंथ (Premgranth) निर्देशन भी किया था।

राजीव कपूर ने आरके बैनर से डेब्यू नहीं किया था। उनकी पहली फिल्म ‘एक जान हैं हम’ थी। फिल्म के डायरेक्टर राजीव मेहरा थे। फिल्म की शूटिंग पोर्ट ब्लेयर की आउटडोर लोकेशंस पर हुई थी। उस वक्त लोग जानते नहीं थे कि राजीव राज कपूर के बेटे हैं। उन्हें शुरू में ज्यादा भाव नहीं दिया गया। इसके बाद जब उन्होंने अपनी पहचान बताई तो उन्हें मुफ्त खाना, मुफ्त फोन पर बात करने जैसी सुविधाएं दी गईं। राजीव कपूर और राज कपूर के बीच अनबन के किस्से भी सुर्खियों में रहे हैं। राज कपूर ने राजीव को लॉन्च नहीं किया था। उनसे जब इस बारे में पूछा गया तो बताया गया कि बच्चों को लॉन्च करने के लिए फिल्में नहीं बनाते हैं बल्कि कहानी अपना कलाकर खुद चुन लेती हैं।

व्यक्तिगत जीवन

मशहूर कपूर खानदान की तीसरी पीढ़ी के सदस्य राजीव कपूर की इमेज रोमांटिक हीरो की थी लेकिन उनका जीवन इससे अलग रहा। 39 की उम्र में राजीव कपूर शादी के बंधन में बंधे थे। साल 2001 में उन्होंने आर्किटेक आरती सबरवाल से शादी की थी। हालांकि दोनों की शादी ज्यादा लम्बे वक्त तक नहीं चल पाई। साल 2003 में उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद राजीव अकेले ही रहते थे। उन्होंने इसके बाद कभी दोबारा शादी नहीं की। हाल ही में राजीव क्रिसमस के मौके पर अपने परिवार के साथ सेलिब्रेशन करते नज़र आए थे। आखिरी बार राजीव को परिवार संग क्रिसमस सेलिब्रेट करते हुए देखा गया था। बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर ख़ान (Kareena Kapoor Khan) और करिश्मा कपूर (Karishma Kapoor) ने अपने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर की थी जिसमें राजीव बीच में बैठे नजर आ रहे थे। राजीव के जाने से न सिर्फ कपूर परिवार में बल्कि पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। राजीव कपूर को याद कर सेलेब्स सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही लोग सोशल मीडिया पर परिवार के सहानुभूति और ऐक्टर के लिए शोक जता रहे हैं। जैसे-जैसे उनके निधन की खबर सबको मिल रही है, लोग उनके घर पर पहुंचने लगे हैं।

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole