21/09/2024

झूलन गोस्वामी की बायोपिक में नज़र आयेंगी अनुष्का शर्मा

1 min read

क्रिकेट और बॉलीवुड का नाता वैसे तो काफी पुराना है लेकिन महेंद्र सिंह धोनी पर बनी बायोपिक के बाद से सिनेमा जगत में खिलाड़ियों पर फिल्म बनाने का ट्रेंड शुरू हो गया है। हाल ही में 1983 की विश्व विजेता भारतीय टीम और कपिल देव के रोल पर फिल्म 83 रिलीज हुई जिसमें रणवीर सिंह ने कपिल देव का किरदार निभाया। भारत में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर पर भी डॉक्युमेंट्री बन चुकी है। वहीं सायना नेहवाल, मैरीकॉम समेत कई स्टार स्पोर्ट्स पर्सन पर फिल्में देखने को मिलीं। इस साल 2022 में स्टार महिला क्रिकेटर और लेडी तेंदुलकर नाम से मशहूर मिताली राज पर भी एक फिल्म बन रही है। इस फिल्म का नाम है ‘शाबाश मिट्ठू’ (Shabaash Mithu) जिसमें मिताली राज का किरदार तापसी पन्नू निभाती नजर आएंगी।

इन सबके बीच ख़बर है कि बेहतरीन अदाकारा अनुष्का शर्मा मेटरनिटी इंटरवल के बाद एक बार फिर धमाकेदार वापसी करने जा रही है। महिला क्रिकेट की ऑल टाइम ग्रेटेस्ट प्लेयर झूलन गोस्वामी (Jhulan Goswami) की लाइफ से इंस्पायर्ड नेटफ्लिक्स फिल्म ‘चकदाह एक्सप्रेस’ में अनुष्का मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। ये फिल्म विश्व क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज महिला गेंदबाजों में से एक झूलन गोस्वामी के शानदार सफर पर आधारित है। अनुष्का शर्मा ने फिल्म का फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए फिल्म के बारे में खास जानकारी दी है। नेटफ्लिक्स इंडिया ने अपनी अगली फिल्म ‘चकदाह एक्सप्रेस’ की घोषणा की। अनुष्का शर्मा अभिनीत फिल्म, क्लीन स्लेट फिल्म्ज़ द्वारा निर्मित और प्रोसित रॉय द्वारा निर्देशित है। यह फिल्म झूलन गोस्वामी की अविश्वसनीय कहानी से प्रेरित है।

झूलन गोस्वामी की बायोपिक का नाम होगा ‘चकदाह एक्सप्रेस’

झूलन गोस्वामी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 333 विकेट लेने वाली दुनिया पहली और एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं। वह ‘चकदहा एक्सप्रेस’ के नाम से भी मशहूर हैं शायद इसीलिए उनकी बायोपिक का नाम चकदाह एक्सप्रेस रखा गया है। झूलन गोस्वामी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 19 साल का सफर पूरा किया है। वनडे मैचों में 240 से ज्यादा विकेट लिए हैं। उन्होंने अब तक 192 वनडे मैच खेले हैं और 240 विकेट लिए हैं। उन्होंने 12 टेस्ट मैचों में 44 विकेट और 62 टी20 मैचों में 56 विकेट लिए हैं। झूलन ने 2018 में टी-20 क्रिकेट को अलविदा कह दिया था लेकिन अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट और वनडे क्रिकेट अभी भी खेल रही हैं।

ज़ीरो के बाद अनुष्का की होगी जोरदार वापसी

अनुष्का शर्मा ने इस ‘चकदाह एक्सप्रेस’ को लेकर कहा, ‘यह वास्तव में एक विशेष फिल्म है क्योंकि यह अनिवार्य रूप से जबरदस्त बलिदान की कहानी है। चकदाह एक्सप्रेस पूर्व भारतीय कप्तान झूलन गोस्वामी के जीवन और समय से प्रेरित है और यह महिला क्रिकेट की दुनिया में आंखें खोलने वाली होगी। ऐसे समय में जब झूलन ने क्रिकेटर बनने और अपने देश को वैश्विक मंच पर गौरवान्वित करने का फैसला किया, महिलाओं के लिए खेल खेलने के बारे में सोचना भी बहुत मुश्किल था। यह फिल्म कई उदाहरणों की एक नाटकीय कहानी है जिसने उनके जीवन और महिला क्रिकेट को भी आकार दिया। भारत में महिला क्रिकेट में क्रांति लाने के लिए हम सभी को झूलन और उनकी टीम के साथियों को सलाम करना चाहिए। यह उनकी कड़ी मेहनत, उनका जुनून और महिला क्रिकेट पर ध्यान आकर्षित करने का उनका अपराजित मिशन है जिसने आने वाली पीढ़ियों के लिए चीजों को बदल दिया है।
एक महिला के तौर पर मुझे झूलन की कहानी सुनकर गर्व हुआ और उनके जीवन को दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों के सामने लाने की कोशिश करना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेट राष्ट्र के रूप में, हमें अपनी महिला क्रिकेटरों को उनका हक देना होगा। अनुष्का शर्मा आखिरी बार फिल्म जीरो में बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान के ऑपोजिट नजर आई थीं। अब अनुष्का जल्द ही अपनी नई फिल्म के साथ मैदान में उतरने जा रही हैं। दरअसल इंडियन क्रिकेटर विराट कोहली से शादी के बाद अनुष्का की ये पहली फिल्म है। साल 2017 में अनुष्का और विराट शादी के बंधन में बंधे थे। उसके बाद उनकी जिंदगी में वामिका आई और अब मेटरनिटी इंटरवल के बाद अनुष्का एक बार फिर झूलन गोस्वामी की बायोपिक में शानदार अभिनय करती हुई नजर आएंगी। फैंस को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। साल 2022 में जून के महीने से इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अनुष्का शर्मा कलकत्ता में इस फिल्म की शूटिंग करेंगी। इस फिल्म के डायरेक्टर प्रोसित रॉय हैं। इस साल के दिसंबर तक इस फिल्म की शूटिंग पूरी होने की रिपोर्ट्स सामने आई हैं।

अनुष्का-झूलन की तस्वीर वायरल

आपको बता दें कि कुछ वक्त पहले भी अनुष्का शर्मा और झूलन गोस्वामी को एक साथ ईडेन गार्डेंस के मैदान पर देखा गया था। इस तस्वीर में एक्ट्रेस टीम इंडिया की जर्सी में नजर आ रही थीं। उसके बाद से ही अनुष्का द्वारा ये रोल निभाने के कयास लगाए जा रहे थे। कई रिपोर्ट में दावा किया गया कि वह झूलन गोस्वामी की बायोपिक के पोस्टर के लिए शूट कर रही थी लेकिन बाद में इससे संबंधित कोई जानकारी सामने नहीं आई।

झूलन गोस्वामी के बारे अधिक जानकारी के लिए यह देखें (यू-ट्यूब)

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole