22/09/2024

‘गोरखा’ में अक्षय कुमार निभायेंगे मेजर जनरल इयान कार्डोजो का किरदार

1 min read

साल में 4 फ़िल्में करने के लिए मशहूर बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) एक और फिल्म बनाने जा रहे हैं। इस फिल्म में अक्षय मेजर जनरल इयान कार्डोजो (Major Gereral Ian Cardozo) का किरदार निभायेंगे। इयान गोरखा रेजिमेंट के जाबांज अफसर रहे हैं। इयान ने 1962, 1965 के युद्धों में और विशेष रूप से 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में लड़ाई लड़ी थी। फ़िल्म गोरखा (Gorakha) का निर्देशन संजय पूरन सिंह कर रहे हैं जबकि इसकी कहानी नीरज यादव और संजय ने लिखी है। फ़िल्म का निर्माण आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा कर रहे हैं।

विजयदशमी के अवसर पर अक्षय ने शेयर किया पोस्टर

असत्य पर सत्य की विजय के पर्व विजयदशमी पर अक्षय कुमार ने अपनी नई फ़िल्म गोरखा का ऐलान किया। अक्षय ने फ़िल्म के फ़र्स्ट लुक पोस्टर भी जारी किये हैं, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। इन पोस्टर्स पर अक्षय के लुक से नज़रें हटाना मुश्किल है। ख़ास बात यह है कि गोरखा को अक्षय ख़ुद प्रस्तुत कर रहे हैं। अक्षय ने दो पोस्टर शेयर किये हैं। एक पोस्टर पर बैकग्राउंड में गोरखा सैनिकों के साथ अक्षय चिल्लाने की मुद्रा में हैं। उनके हाथ में गोरखा रेजीमेंट की पहचान खुखरी है। इस पोस्टर पर अंग्रेज़ी में गोरखा लिखा है। दूसरे पोस्टर पर अक्षय कुमार के किरदार का क्लोज़अप है। इसमें खुखरी और अक्षय के हाव-भाव प्रमुखता से दिख रहे हैं। इन पोस्टरों के साथ अक्षय ने फ़िल्म के बारे में बताया है। अक्षय लिखते हैं- कभी-कभी आपको ऐसी कहानियां पता चलती हैं कि आप उन्हें बनाना चाहते हैं। लीजेंड्री वार हीरो मेजर जनरल इयान कारदोज़ो पर आधारित गोरखा एक ऐसी ही फ़िल्म है। एक आइकॉन का रोल निभाकर और बेहद ख़ास फ़िल्म को प्रस्तुत करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं।

जानिये कौन है जनरल इयान कार्डोजो

मेजर जनरल इयान कार्डोजो
अक्षय कुमार महान युद्ध नायक मेजर जनरल इयान कार्डोजो की भूमिका निभाएंगे। जिन्होंने 1962, 1965 के युद्धों में और विशेष रूप से 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में लड़ाई लड़ी थी। मेजर जनरल इयान कार्डोजो ने बांग्लादेश के सिलहट की लड़ाई में पाकिस्तानी सैनिकों की हालत खराब कर दी थी। साल 1971 की लड़ाई में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ लड़ते हुए उनका एक पैर लैंडमाइन ब्लास्ट में बुरी तरह जख्मी हो गया था। उन्हें इलाज नहीं मिल सका तो उन्होंने खुद खुखरी से अपना पैर काटकर अलग कर दिया। पैर गंवाने के बावजूद वह इंडियन आर्मी के पहले डिसेबल अफसर बने और एक बटालियन को कमांड किया। पाक युद्ध में बहादुरी के लिए उनको सेना मेडल से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा उन्हें अति सेवा विशिष्ट सेवा मेडल भी दिया गया है। इयान कार्डोजो ने 2005 से 2011 तक भारतीय पुनर्वास परिषद के अध्यक्ष भी रहे।

निर्माता आनंद एल राय कहते हैं, ‘हम एक महान युद्ध नायक मेजर जनरल इयान कार्डोजो की कहानी लाने के लिए सम्मानित महसूस कर रहे हैं, इयान कार्डोजो का नाम 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उनके अपार साहस के लिए इतिहास में दर्ज है। मैं अक्षय सर के साथ तीसरी बार दोबारा काम करने के लिए भी उत्साहित हूँ।’ निर्माता हिमांशु शर्मा कहते हैं, ‘हम इस फिल्म में मेजर जनरल इयान कार्डोजो को सम्मानित करने की उम्मीद करते हैं जो कई लोगों को प्रेरित करेगा। हम इस विशेष यात्रा के लिए तत्पर हैं।’

मेजर जनरल इयान कार्डोजो कहते है, ‘इस कहानी को 1971 के युद्ध की 50वीं वर्षगांठ पर सांझा होने पर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। यह भारत के सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान की याद दिलाता है। मैं आनंद और अक्षय के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं क्योंकि वे इसे जीवन में ला रहे है। यह कहानी भारतीय सेना के हर अधिकारी के मूल्यों और भावना को दर्शाती है।’

‘अतरंगी रे’ (Atrangi Re) और ‘रक्षा बंधन’ (Raksha Bandhan) के बाद अक्षय कुमार और आनंद एल राय की कलर येलो प्रोडक्शंस और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने फिल्म ‘गोरखा’ के लिए एक बार फिर हाथ मिलाया है। फिल्म ‘गोरखा’ का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संजय पूरन सिंह चौहान करेंगे।

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole