आशा पारेख को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार की घोषणा
1 min read
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 27 सितम्बर, 2022 को घोषणा की है कि वर्ष 2020 के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख को दिया जाएगा। ये पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस निर्णय की घोषणा करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “मुझे ये घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि दादा साहेब फाल्के पुरस्कार की जूरी ने भारतीय सिनेमा में आशा पारेख जी के जीवन भर के अनुकरणीय योगदान को मान्यता देने और उन्हें पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है।” आशा पारेख एक प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री, निर्देशक, निर्माता और एक कुशल भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना हैं। एक बाल कलाकार के रूप में अपना करियर शुरू करते हुए उन्होंने फिल्म ‘दिल दे के देखो’ में मुख्य नायिका के तौर पर अपनी शुरुआत की और 95 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने कटी पतंग, तीसरी मंजिल, लव इन टोक्यो, आया सावन झूम के, आन मिलो सजना, मेरा गांव मेरा देश जैसी मशहूर फिल्मों में अभिनय किया है। आशा पारेख पहले से पद्मश्री से सम्मानित हैं जो उन्हें 1992 में दिया गया था। उन्होंने 1998-2001 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के प्रमुख के रूप में भी काम किया है।
अवॉर्ड पाने वाली 52वीं शख्सियत होंगी आशा पारेख
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को घोषणा की कि इस साल दादा साहब फाल्के पुरस्कार बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख को दिया जाएगा। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त करने वाली वह 52वीं हस्ती होंगी। अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘आशा भोंसले, हेमा मालिनी, उदित नारायण झा, पूनम ढिल्लों और टीएस नागभरण की सदस्यता वाली दादा साहब फाल्के समिति ने 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में आशा पारेख को पुरस्कार देने का फैसला किया है।’ आशा पारेख अपने दौर की सबसे महँगी अभिनेत्री रही हैं। उन्होंने पंजाबी, गुजराती और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी भी लॉन्च की थी और टीवी शोज भी बनाए। उन्हें साल 1992 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। अनुराग ठाकुर ने आशा के बारे में कहा, ‘उन्होंने 95 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और 1998 से 2001 तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की अध्यक्ष रहीं।’
दादा साहब फाल्के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम
सिनेमा के क्षेत्र का यह सर्वोच्च पुरस्कार (दादा साहब फाल्के पुरस्कार) हर साल राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में प्रदान किया जाता है। इस साल यह कार्यक्रम 30 सितंबर को आयोजित किया जाएगा जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ऐक्ट्रेस आशा पारेख को पुरस्कार प्रदान करेंगी। सुपरस्टार रजनीकांत को पिछले साल इस अवॉर्ड से नवाजा गया था।
आशा पारेख की आइकॉनिक फिल्में
79 वर्षीय आशा पारेख ने ‘दिल देके देखो’, ‘कटी पतंग’, ‘तीसरी मंजिल’ और ‘कारवां’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया है। उन्हें हिंदी सिनेमा की आइकॉनिक ऐक्ट्रस माना जाता है। इससे पहले 2019 का दादा साहब फाल्के अवॉर्ड साउथ सुपरस्टार रजनीकांत को दिया था। पारेख ने 1990 के दशक के आखिर में प्रशंसित टीवी धारावाहिक ‘कोरा कागज’ का निर्देशन किया था। एक निर्माता और निर्देशक के तौर पर भी उनका काम अभूतपूर्व रहा।
बतौर बाल कलाकार की शुरुआत
आशा पारेख ने बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी। तब इंडस्ट्री में लोग उन्हें बेबी आशा पारेख नाम से जानते थे। सिनेमा जगत में उनका सफर बहुत लंबा रहा है। आशा की जिंदगी तब बदली जब फेमस फिल्म डायरेक्टर बिमल रॉय ने उन्हें इवेंट में डांस करते देखा और उन्हें अपनी फिल्म मां (1952) में काम दिया। उस वक्त आशा सिर्फ 10 साल की थीं। इसके बाद बिमल ने साल 1954 में आई फिल्म ‘बाप बेटी’ में आशा को मौका दिया लेकिन फिल्म हिट नहीं हुई तो वह निराश हो गए। आशा ने फिल्मों में बतौर बाल कलाकार काम करने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखी और सोलह साल की उम्र में उन्होंने लीड ऐक्ट्रेस के तौर पर शुरुआत की। कहते हैं कि विजय भट्ट की फिल्म ‘गूंज उठी शहनाई’ में किए गए काम के लिए उन्हें खारिज कर दिया गया था।फिल्ममेकर का दावा था कि आशा पारेख एक स्टार ऐक्ट्रेस बनने के काबिल नहीं थी। मगर ठीक 8 दिन बाद वो हुआ जिसने सबको हैरान कर दिया। फिल्म निर्माता सुबोध मुखर्जी और लेखक-निर्देशक नासिर हुसैन ने उन्हें शम्मी कपूर के अपोजिट फिल्म ‘दिल देके देखो’ (1959) में साइन किया और फिर फिल्म ने आशा पारेक को स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने करियर में कभी मुड़कर नहीं देखा।
दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित सभी 51 कलाकारों की पूरी सूची देखें
क्रमांंक | वर्ष | कलाकार | कार्यक्षेत्र / फ़िल्म इंंडस्ट्री |
---|---|---|---|
1. | 1969 | देविका रानी | अभिनेत्री / हिन्दी |
2. | 1970 | बी. एन. सरकार | निर्माता / बंंगाली |
3. | 1971 | पृथ्वीराज कपूर | अभिनेता / हिन्दी |
4. | 1972 | पंकज मलिक | संगीतकार / हिन्दी |
5. | 1973 | रूबी मेयर्स (सुलोचना) | अभिनेत्री / हिन्दी |
6. | 1974 | बी. एन. रेड्डी | निर्देशक / तेलुगु |
7. | 1975 | धीरेन्द्र नाथ गांगुली | अभिनेता-निर्देशक / बंंगाली |
8. | 1976 | कानन देवी | अभिनेत्री / बंंगाली |
9. | 1977 | नितिन बोस | सिनेमैटोग्राफ़र-निर्देशक-पटकथा लेखक / हिन्दी-बंंगाली |
10. | 1978 | रायचंद बोराल | संंगीतकार-निर्देशक / हिन्दी-बंंगाली |
11. | 1979 | सोहराब मोदी | अभिनेता-निर्देशक- निर्माता/हिन्दी |
12. | 1980 | पी. जयराज | अभिनेता-निर्देशक/हिन्दी-बंंगाली |
13. | 1981 | नौशाद अली | संंगीतकार/हिन्दी |
14. | 1982 | एल. वी. प्रसाद | अभिनेता-निर्देशक- निर्माता/हिन्दी-तमिल-तेलुगु |
15. | 1983 | दुर्गा खोटे | अभिनेत्री / हिन्दी-मराठी |
16. | 1984 | सत्यजित राय | निर्देशक / बंगाली |
17. | 1985 | वी शांताराम | अभिनेता-निर्देशक- निर्माता / हिन्दी-मराठी |
18. | 1986 | बी. नागी रेड्डी | निर्माता/तेलुगु |
19. | 1987 | राजकपूर | अभिनेता-निर्देशक/हिन्दी |
20. | 1988 | अशोक कुमार | अभिनेता / हिन्दी |
21. | 1989 | लता मंगेशकर | गायिका / हिन्दी-मराठी |
22. | 1990 | ए. नागेश्वर राव | अभिनेता / तेलुगु |
23. | 1991 | भालजी पेंढारकर | निर्देशक-निर्माता-पटकथा लेखक / मराठी |
24. | 1992 | भूपेन हज़ारिका | गायक / असमी |
25. | 1993 | मजरूह सुल्तानपुरी | गीतकार / हिन्दी |
26. | 1994 | दिलीप कुमार | अभिनेता / हिन्दी |
27. | 1995 | राजकुमार | अभिनेता / कन्नड़ |
28. | 1996 | शिवाजी गणेशन | अभिनेता / तमिल |
29. | 1997 | प्रदीप | गीतकार / हिन्दी |
30. | 1998 | बी. आर. चोपड़ा | निर्माता / हिन्दी |
31. | 1999 | ऋषिकेश मुखर्जी | निर्देशक / हिन्दी |
32. | 2000 | आशा भोंसले | गायिका / हिन्दी-मराठी |
33. | 2001 | यश चोपड़ा | निर्देशक / हिन्दी |
34. | 2002 | देव आनंद | अभिनेता-निर्देशक/ हिन्दी |
35. | 2003 | मृणाल सेन | निर्देशक / बंंगाली |
36. | 2004 | अदूर गोपालकृष्णन | निर्देशक / मलयालम |
37. | 2005 | श्याम बेनेगल | निर्देशक / हिन्दी |
38. | 2006 | तपन सिन्हा | निर्देशक / बंंगाली-हिन्दी |
39. | 2007 | मन्ना डे | गायक / हिन्दी |
40. | 2008 | वी.के. मूर्ति | सिनेमैटोग्राफ़र / हिन्दी |
41. | 2009 | डी. रामानायडू | निर्माता / तेलुगु |
42. | 2010 | के. बालाचंदर | निर्देशक / तमिल-तेलुगु |
43. | 2011 | सौमित्र चटर्जी | अभिनेता / बंंगाली |
44. | 2012 | प्राण | अभिनेता / हिन्दी |
45. | 2013 | गुलज़ार | गीतकार-निर्देशक / हिन्दी |
46. | 2014 | शशि कपूर | अभिनेता-निर्देशक / हिन्दी |
47. | 2015 | मनोज कुमार | अभिनेता-निर्देशक / हिन्दी |
48. | 2016 | के. विश्वनाथ | अभिनेता-निर्देशक-पटकथा लेखक / तेलुगु |
49. | 2017 | विनोद खन्ना | अभिनेता / हिन्दी |
50. | 2018 | अमिताभ बच्चन | अभिनेता / हिन्दी |
51. | 2019 | रजनीकान्त | अभिनेता / तमिल-हिन्दी |
52. | 2020 | आशा पारेख | अभिनेत्री / हिन्दी |