21/09/2024

महाराष्ट्र में थियेटर्स खुलने के बाद जानें बड़ी फ़िल्मों की नई रिलीज डेट

1 min read

कोरोना की दूसरी लहर के बाद सिनेमाघर अभी महाराष्ट्र में खुले भी नहीं है। इसमें अब भी करीब महीना भर बाकी है, लेकिन रविवार के दिन यशराज फिल्म्स ने जैसे ही अपनी चार अरसे से बनी पड़ी फिल्मों की रिलीज डेट घोषित की, दूसरे निर्माताओं में भी इस साल से लेकर अगले साल तक के शुक्रवार बुक करने की होड़ मच गई। रविवार की शाम होते होते दर्जन भर फिल्मों की नई रिलीज डेट सामने आ गई। आइए देखते हैं कि रविवार देर शाम तक हुए एलानों के बाद अब कौन सी हिंदी फिल्म किस दिन रिलीज होने वाली है।

शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के सिनेमाघरों को अक्टूबर के चौथे शुक्रवार (22 अक्टूबर) के बाद खोलने का एलान क्या किया, हिंदी फिल्म जगत के दिग्गज निर्माता निर्देशकों में अपनी अपनी फिल्मों को लेकर आने वाले शुक्रवार अभी से रिजर्व करने की होड़ मच गई है। शनिवार को ही अक्षय कुमार, कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म ‘सूर्यवंशी’ (Sooryavanshi) की रिलीज 5 नवंबर को तय कर दी गई। इसी दिन हॉलीवुड की बड़ी फिल्म ‘इटर्नल्स’ भी रिलीज हो रही है। रविवार की सुबह हिंदी फिल्म जगत में रिलीज हंगामा डे बनकर आई।

रविवार के दिन ही निर्माता आदित्य चोपड़ा  ने यशराज फिल्म्स की अपनी चार प्रमुख बड़ी फिल्मों की रिलीज की तारीखों की घोषणा की। इसके मुताबिक फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ (Bunty Aur Babli 2) 19 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। यशराज फिल्म्स की पूरी हो चुकीं बाकी तीन फिल्मों में अक्षय कुमार व मानुषी छिल्लर स्टारर फिल्म ‘पृथ्वीराज’ (Prithviraj) अगले साल 21 जनवरी, 2022 को, रणवीर सिंह और शालिनी पांडे स्टारर व दिव्यांग ठक्कर निर्देशित फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ (Jayeshbhai Jordaar) अगले साल 25 फरवरी को और रणबीर कपूर स्टारर ‘शमशेरा’ (Shamshera) अगले साल 18 मार्च को रिलीज होगी। इस फिल्म में रणबीर कपूर के साथ अभिनेत्री वाणी कपूर नजर आएंगी।

यशराज फिल्म्स की इस घोषणा के तुरंत बाद आमिर ख़ान ने अपनी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ (Laal Singh Chaddha) को अगले साल वैलेंटाइस डे वीक यानी 11 फरवरी को रिलीज करने का ऐलान कर दिया। इस फिल्म के चलते खाली हुए क्रिसमस के शुक्रवार यानी 24 दिसंबर को अब रणवीर सिंह की फिल्म ‘83’ रिलीज होने जा रही है। फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में अक्षय और रणवीर के साथ तिकड़ी बनाने जा रहे अजय देवगन ने भी अपनी होम प्रोडक्शन फिल्म ‘मे डे’ (MAYDAY) के लिए अगले साल 29 अप्रैल की तारीख बुक करने का एलान रविवार की शाम कर दिया। इस फिल्म में वह लीड हीरो भी हैं। फिल्म में अमिताभ बच्चन भी एक विशेष भूमिका में नजर आएंगे।

इतवार को ही अभिनेता आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ (Chandigarh Kare Aashiqui) को लेकर भी शुभ सूचना आ गई। कोरोना संक्रमण काल में शूट हुई इस फिल्म की हीरोइन वाणी कपूर हैं और फिल्म का निर्देशन किया है अभिषेक कपूर ने। इस फिल्म ने इस साल के आखिरी महीने का दूसरा शुक्रवार यानी 10 दिसंबर पकड़ लिया है। इस फिल्म से हफ्ता भर पहले यानी 3 दिसंबर को सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी की फिल्म ‘तड़प’ (Tadap) रिलीज होगी।

हॉलीवुड फिल्मों में ’घोस्टबस्टर्स: आफ्टरलाइफ’ की भारत में नई रिलीज डेट भी आ गई है। ये फिल्म अब 19 नवंबर को फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ के साथ रिलीज होगी। रविवार दिन भर नई फिल्मों की रिलीज की भगदड़ का समापन अक्षय कुमार की फिल्म ‘रक्षाबंधन’ (Rakshabandhan) की रिलीज डेट के साथ हुआ। ये फिल्म अगले साल स्वतंत्रता दिवस वाले हफ्ते में यानी 11 अगस्त को रिलीज होगी। रविवार तक घोषित हुई तारीखों के हिसाब से साल 2021 का फिल्मी कैलेंडर कुछ इस तरह दिख रहा है।

रिलीज डेट

फिल्म का नाम

मुख्य कलाकार

4 नवंबर, 2021  (दिवाली)सूर्यवंशी / Sooryavanshiअक्षय कुमार, कैटरीना कैफ़
19 नवंबर, 2021बंटी और बबली 2 / Bunty Aur Babli 2सैफ़ अली ख़ान, रानी मुखर्जी
26 नवंबर, 2021सत्यमेव जयते 2 / Satyamev jayate 2जॉन अब्राहम, दिव्या खोसला कुमार
3 दिसंबर, 2021तड़प / Tadapअहान शेट्टी, तारा सुतारिया
10 दिसंबर, 2021चंडीगढ़ करे आशिक़ी / Chandigarh Kare Aashiquiआयुष्मान खुराना, वाणी कपूर
24 दिसंबर, 2021 (क्रिसमस)83रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण
24 दिसंबर, 2021पुष्पा पार्ट 1 /  Pushpa part-1अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंधाना
31 दिसंबर, 2021जर्सी / Jerseyशाहिद कपूर, मृणाल ठाकुर
31 दिसंबर, 2021सर्कस / Cirkusरणवीर सिंह, पूजा हेगडे
6 जनवरी, 2022गंगूबाई काठियावाडी / Gangubai Kathiawadi
आलिया भट्ट, अजय देवगन
14 जनवरी, 2022 (मकर संक्रान्ति)राधे श्याम / Radhey Shyam
प्रभास, पूजा हेगडे
21 जनवरी, 2022 (गणतंत्र दिवस)पृथ्वीराज / Prithvirajअक्षय कुमार, मानुषी छिल्लर
26 जनवरी, 2022अटैक / Attack
जॉन अब्राहम
14 फरवरी, 2022 (वैलेनटाइन डे)लाल सिंह चड्डा / Laal Singh Chaddhaआमिर ख़ान, करीना कपूर ख़ान
25 फ़रवरी, 2022जयेशभाई जोरदार / Jayeshbhai Jordaarरणवीर सिंह, शालिनी पांडे
4 मार्च, 2022बच्चन पांडे / Bachchan Pandeyअक्षय कुमार, कृति सैनन
18 मार्च, 2022शमशेरा / Shamsheraरणबीर कपूर, वाणी कपूर
25 मार्च, 2022भूल भूलैया 2 / Bhool Bhulaiyaa 2
कार्तिक आर्यन, कियारा आडवाणी
1 अप्रैल, 2022रॉकेट्री: द नम्बी इफेक्ट / Rocketry – The Nambi Effectआर माधवन
14 अप्रैल, 2022भेडिया / Bhediya
वरुण धवन, कृति सैनन
29 अप्रैल, 2022मेडे / MayDayअजय देवगन, अमिताभ बच्चन
8 जुलाई, 2022 (ईद)एक विलेन रिटर्न्स / Ek Villain Returns
जॉन अब्राहम, दिशा पटानी, अर्जुन कपूर, तारा सुतारिया
11 अगस्त, 2022रक्षा बंधन / Raksha Bandhanअक्षय कुमार
11 अगस्त, 2022आदिपुरुष / Adipurushप्रभास, कृति सैनन, सैफ़ अली ख़ान
24 अक्टूबर, 2022 (दिवाली)राम सेतु / Ram Setuअक्षय कुमार, जैकलीन फ़र्नाडिस, नुसरत भरुचा

 

 

 

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole